विदेशों तक पहुंचेगा सोपोर का सेब,राहुल गांधी का जम्मू-कश्मीर के निवासियों से वादा

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि अगर नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन जम्मू-कश्मीर में सत्ता में आता है तो वह सोपोर के प्रसिद्ध सेब को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ावा देगा।

कांग्रेस नेता ने इस बात पर अफसोस जताया कि अखरोट, काजू और किशमिश तो उनकी मेज पर रखे गए, लेकिन सोपोर का प्रसिद्ध सेब गायब था। राहुल गांधी ने हाथ में सेब लेकर कहा, ‘‘मुख्य मुद्दा सोपोर सेब का है। इस सेब को विदेश ले जाना होगा। आपका भविष्य इसी में है और इसे आगे ले जाना होगा। यह न केवल पूरे देश में पहुंचना चाहिए, बल्कि अमेरिका, चीन और जापान तक भी पहुंचना चाहिए।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार चंद अरबपतियों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘अडानी के कारण यहां या हिमाचल प्रदेश में किसानों को उनके सेबों की अच्छी कीमत नहीं मिल रही है।’’
गांधी ने कहा कि उन्हें उनके सहयोगी कांग्रेस महासचिव जी ए मीर ने बताया कि सोपोर सेब निर्यात किया जाता है और स्थानीय स्तर पर उसका प्रसंस्करण नहीं किया जाता। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य है कि सेब जापान और अमेरिका को निर्यात किया जाए। लेकिन यहां भी प्रसंस्करण संयंत्र होने चाहिए ताकि सोपोर के लोगों को सेब उद्योग का लाभ मिल सके।’’



