उदय भानु चिब बने भारतीय युवा कांग्रेस के नए अध्यक्ष, निर्वतमान अध्यक्ष श्रीनिवास के योगदान की पार्टी ने की सराहना !

कांग्रेस ने रविवार को श्रीनिवास बी.वी. की जगह पर उदय भानु चिब को भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। चिब अब तक आईवाईसी के महासचिव पद की जिम्मेदारी निभा रहे थे। वह जम्मू और कश्मीर प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

चिब ने सोशल मीडिया मंच पर शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ एक तस्वीर साझा की और लिखा, ‘‘मेरे नेता राहुल गांधी जी के साथ एक यादगार मुलाकात! सामाजिक न्याय के लिए आपका संघर्ष और दृढ़ता हम सभी के लिए प्रेरणा है।’’ चिब जम्मू के पलौरा के निवासी हैं और कांग्रेस नेता हरि सिंह चिब के बेटे हैं।
A Memorable meet with My LEADER @RahulGandhi ji !
आपका सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष और अडिगता, हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है 🔥 pic.twitter.com/3tSSYuppqw— Uday Bhanu Chib (@Uday_Bhanu9) September 20, 2024
पार्टी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तत्काल प्रभाव से उदय भानु चिब को भारतीय युवा कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही विज्ञप्ति में कहा गया कि पार्टी यूथ कांग्रेस के निर्वतमान अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी.के योगदान की सराहना करती है।
श्रीनिवास गत पांच साल से अधिक समय तक भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। उनका कार्यकाल यूथ कांग्रेस के लिए कई ऊंचाइयों से भरा रहा क्योंकि उनके कार्यकाल के दौरान संगठन ने युवाओं के कई मुद्दों पर सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। कोविड महामारी के दौरान भी उनके राहत कार्य मीडिया में प्रमुख चर्चा के विषय थे।



