गाजियाबाद में यूपी-112 के कंट्रोल रूम की महिलाएं हड़ताल पर,पिछले 5 साल से लगातार एक ही वेतन पर काम कर रही हैं !
गाजियाबाद में यूपी पुलिस की डायल-112 की सभी महिलाकर्मियों (संवाद अधिकारी) ने मंगलवार से हड़ताल शुरू कर दी है। लखनऊ और प्रयागराज में भी हड़ताल शुरू हो गई है।
महिलाकर्मियों की मांग है कि उन्हें नए ऑफर लेटर के साथ 18 हजार रुपए वेतन दिया जाए, तभी वे काम करेंगी।
महिला कर्मियों का आरोप है कि पिछले 5 साल से वह लगातार एक ही वेतन पर काम कर रही हैं। उन्हें दिलासा दिलाया गया था कि जल्द उनका वेतन बढ़ जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ और अब हड़ताल करने पर उनको धमकियां भी दी जा रही हैं।
लखनऊ में डायल 112 मुख्यालय के बाहर आउट सोर्सिंग कर्मचारी एकजुट होकर कर रहे है जोरदार प्रदर्शन !#UttarPradesh #Lucknow #dial112 pic.twitter.com/WVe08yvqln
— News Network 24×7 (@24x7_network) November 6, 2023
दरअसल, अभी तक डायल-112 के कंट्रोल रूमों को मैनपॉवर उपलब्ध कराने का टेंडर एमडीएसएल/ टेक महिंद्रा के पास था। इसका कार्यकाल समाप्त होने के बाद ये टेंडर 3 नवंबर से वी विन कंपनी के पास आ गया।
कर्मचारियों का आरोप है कि इस कंपनी ने हमसे कोई कॉन्ट्रेक्ट साइन नहीं किया और नए नियुक्ति पत्र दिए बिना ही काम कराया जा रहा है।
महिला कर्मचारियों का कहना है कि नई कंपनी अपने मनमाने एजेंडे से काम कराने के लिए दबाव डाल रही है। पांच साल से उनकी कोई सेलरी भी नहीं बढ़ी है। उन्हें नियुक्ति पत्र के साथ 18 हजार रुपए वेतन चाहिए, तभी वे काम करेंगी।
प्रदर्शनकारियों ने कहा, नई कंपनी उन्हें ऑफर लेटर नहीं दे रही है। कंपनी के अधिकारी जिंदगी बरबाद करने की धमकी दे रहे हैं। कह रहे हैं कि अगर प्रदर्शन किया तो कहीं नौकरी नहीं कर पाओगी। हमें हर तरह से धमकियां मिल रही हैं। लेकिन हमने तय किया है कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी, तब तक काम नहीं करेंगे।