देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ इंडिया गेट पर जोरदार प्रदर्शन,भाजपा सरकार स्वच्छ हवा में सांस लेने का बुनियादी अधिकार भी देने में नाकाम !

राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर रविवार शाम इंडिया गेट पर लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने सुरक्षाकर्मियों पर पेपर स्प्रे (चिली स्प्रे) से हमला किया, जिससे 3–4 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

प्रदर्शन में आम लोग, अभिभावक और पर्यावरण कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्य में लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों में कई महिलाएं और उनके बच्चे भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि वे साफ हवा सुनिश्चित करने के लिए सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग करने के लिए इकट्ठा हुए हैं।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि सरकार स्वच्छ हवा में सांस लेने का बुनियादी अधिकार भी देने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा, ‘पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल में दिल्ली को हरित राजधानी के रूप में जाना जाता था। आज, यह दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में से एक है। नेता जिम्मेदारी लेने के बजाय एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहते हैं।’



