BRS नेता के कविता पांच महीने बाद तिहाड़ जेल से हुईं रिहा, बोलीं- कानूनी और राजनीतिक दोनों तरह से लड़ेंगे !

दिल्ली आबकारी नीति मामले में सुप्रीम कोर्ट से आज जमानत मिलने के बाद बीआरएस नेता के. कविता को देर शाम दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया।

कविता (46) तिहाड़ की जेल नंबर छह से बाहर निकलीं। कविता का स्वागत करने के लिए जेल के बाहर जमा हुए बीआरएस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल बजाए और पटाखे फोड़े। जेल के बाहर कविता के पति, उनके बेटे और भाई एवं बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव भी इस दौरान मौजूद थे। जेल के बाहर पति, बेटे और भाई को देखकर कविता भावुक हो गईं और उनके गले लगकर रोने लगीं।
बीआरएस नेता के कविता को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 15 मार्च को हैदराबाद में बंजारा हिल्स स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। बाद में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उन्हें 11 अप्रैल को तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किया था। न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति के वी विश्वनाथन की पीठ ने मंगलवार को कविता तो जमानत देते हुए कहा कि कविता करीब पांच महीने से हिरासत में हैं और इन मामलों में सीबीआई और ईडी द्वारा उनके खिलाफ जांच पूरी हो चुकी है।



