बारिश को लेकर IMD का ताजा अलर्ट, दिल्ली, यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में होगी बारिश !

मॉनसून का मौसम अगले पांच दिनों में देश के पश्चिमी और दक्षिणी मैदानी क्षेत्रों में बड़ा बदलाव लाने वाला है. कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, केरल और माहे, लक्षद्वीप और कर्नाटक सहित कई क्षेत्रों में गरज और बिजली के साथ कई जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की उम्मीद है.

इसके अलावा, आंध्र प्रदेश और यनम और तेलंगाना जैसे तटीय क्षेत्रों में छिटपुट से लेकर काफी व्यापक हल्की से मध्यम वर्षा देखने को मिलेगी. इस अवधि के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल और रायलसीमा में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है. 10 से 13 जुलाई के बीच कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है.
पश्चिम और दक्षिण के अलावा, मॉनसून की बारिश भारत के अन्य भागों में भी सक्रिय रूप से हो रही है. आगे पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों के साथ 13 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 11 जुलाई तक अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी कुछ खास दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है.



