MP Election Voting Live: मध्य प्रदेश की सभी 230 सीटों पर वोटिंग जारी,शिवराज सिंह चौहान, कमलनाथ, नरोत्तम मिश्रा और प्रहलाद पटेल की किस्मत का फैसला आज !

मध्य प्रदेश की 230 और दूसरे फेज के तहत छत्तीसगढ़ की 70 विधानसभा सीटों पर आज शुक्रवार (17 नवंबर) को वोटिंग हो रही है। एमपी में शिवराज सिंह चौहान, कमलनाथ, नरोत्तम मिश्रा और प्रहलाद पटेल समेत 2,533 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा की कुल 90 सीटें हैं, जिनमें से 20 पर पहले चरण (7 नवंबर) में मतदान हुआ था। छत्तीसगढ़ में पहले चरण में 76.47 प्रतिशत मतदान हुआ था। बता दें, दोनों ही राज्यों में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच है। दोनों ही पार्टियों ने अपने-अपने चुनावी घोषणापत्रों में कई वादे किए हैं।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी ने कल पूरे दिन शराब और पैसे बांटे। लोगों ने मुझे वीडियो भेजे और वीडियो कॉल पर मुझे दिखाया कि क्या हो रहा है। मैं ऑन रिकॉर्ड कह रहा हूं कि मुरैना एसपी बीजेपी कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दावा करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी, लेकिन मैं सीएम की रेस में नहीं हूं। यहां कोई भी सीएम की रेस में नहीं है। यहां सिर्फ विकास और प्रगति की रेस है।



