#तमिलनाडु-गैर भाजपा शासित राज्यों में राज्यपाल पद को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
गैर भाजपा शासित राज्यों में राज्यपाल पद को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
तमिलनाडु विधानसभा में हाल ही में राज्यपाल और मुख्यमंत्री के बीच हुई तकरार के मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर राज्यपालों को अपने ‘कार्यकर्ता’ के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष शासित राज्यों में अपने ‘कार्यकर्ता’ के रूप में उपयोग करके राज्यपाल के संवैधानिक पद को बदनाम करने की भाजपा की सोची-समझी साजिश है और यह लोकतंत्र पर हमला है।
खड़गे ने कहा, “हाल ही में कुछ राज्यपालों द्वारा संविधान का खुलेआम उल्लंघन किए जाने से हमारी शासन-विधि का संघीय ढांचा दूषित हुआ है। राज्यपालों को संविधान के ढांचे के भीतर काम करना होता है और वे जिस विधायिका का हिस्सा होते हैं, उसका अपमान नहीं कर सकते।” उन्होंने कहा, “लेकिन भाजपा के अलावा अन्य पार्टियों द्वारा शासित राज्यों में सामाजिक और राजनीतिक अशांति पैदा करने के लिए उनके दिल्ली आकाओं द्वारा हेरफेर किया जा रहा है, जो खतरनाक है।”



