जम्मू-कश्मीर के राजौरी के नौशेरा सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो आतंकवादी ढेर !

जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना ने आतंकियों के घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में सोमवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ की कोशिश के दौरान दो आतंकवादी मारे गए

भारतीय सेना ने कहा कि “घुसपैठ की संभावित कोशिश के संबंध में खुफिया एजेंसियों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के इनपुट के आधार पर, सेना द्वारा 8 और 9 सितंबर की मध्यरात्रि को सामान्य क्षेत्र लाम, नौशेरा में एक घुसपैठ विरोधी अभियान शुरू किया गया था।” “इस अभियान में दो आतंकवादियों को मार गिराया गया है और अब तक दो एके-47 और एक पिस्तौल सहित बड़ी मात्रा में युद्ध में उपयोग किए जाने वाले सामान बरामद किए गए हैं।
सुरक्षा बल कड़ी निगरानी रख रहे हैं, जिसके लिए हवाई प्लेटफार्मों का उपयोग किया जा रहा है।” सेना ने आगे कहा कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है। पिछले दिनों घुसपैठ में बढ़ोतरी हुई है, खासकर सर्दियों की शुरुआत और बर्फबारी से रास्ते बाधित होने से पहले। जम्मू संभाग के पुंछ, राजौरी, डोडा, कठुआ, रियासी और उधमपुर के पहाड़ी जिलों में पिछले दो महीनों के दौरान सेना, सुरक्षाबलों और नागरिकों के खिलाफ आतंकवादी हमले हुए हैं।



