शहीद कैप्टन अंशुमान के परिवार से मिले राहुल गांधी , शहीद की मां बोलीं- अग्निवीर योजना को तुरंत बंद कर दिया जाए !

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने कीर्ति चक्र विजेता शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की।

गांधी ने शहीद के परिवार को लखनऊ से मिलने के लिए बुलाया था।
शहीद कैप्टन की मां मंजू सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद कहा, ”हम दुखी हैं कि हमारा बेटा हम सबको बीच मझधार में छोड़कर चला गया है, परिवार को उनकी जरूरत थी।”
उन्होंने कहा ”मैं यह दर्द पूरी जिंदगी लेकर जीना चाहती हूं और मैं चाहती हूं कि मुझे और दर्द हो ताकि मैं अपने बेटे को याद कर सकूं।”
उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी से और शहीदों के परिवारों के बारे में बात हुई है, उन परिवारों के लिये राहुल गांधी कुछ करेंगे।”
सेना भर्ती में अग्निवीर योजना बंद करने पर जोर देते हुए मंजू सिंह ने बताया कि ”हम फौजी परिवार से हैं, पक्ष हो या विपक्ष हम सबसे लड़ेंगे और हम सरकार से हाथ जोड़कर निवेदन करते हैं कि अग्निवीर योजना को बंद कर दिया जाए, क्योंकि सेना में सिर्फ चार साल के लिए भर्ती ठीक नहीं है।”



