राजस्थान -अलवर में पानी की भारी किल्लत, लोगों ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की गाड़ी का घेराव किया !

राजस्थान के अलवर शहर में लोग पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। इससे परेशान लोगों ने रविवार को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की गाड़ी का घेराव किया । भूपेंद्र यादव एक निजी कार्यक्रम के लिए अपने काफिले के साथ रवाना हो रहे थे। इसी दौरान लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया।

राजस्थान में पानी की समस्या लोगों के लिए खत्म होने का नाम नहीं ले रही. जहां सरकार द्वारा लगातार पानी के लिए योजनाओं का ऐलान किया जा रहा है. लेकिन इसके बावजूद लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या पानी लगातार बनी हुई है. इस बीच अलवर में पानी कि किल्लत से परेशान महिलाओं ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की गाड़ी का घेराव किया. हालांकि, मंत्री जी महिलाओं से सीधे नहीं मिले. लेकिन उन्होंने गाड़ी से ही महिलाओं को आश्वासन दे दिया. हालांकि जवाब न मिलने से महिलाओं ने सड़क जाम की चेतावनी दी है.
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव रविवार (14 जुलाई) को अपने संसदीय क्षेत्र अलवर पहुंचे थे. लेकिन यहां पहुंचने के बाद रास्ते में उन्हें पानी की समस्या से ग्रसित महिलाओं का सामना करना पड़ा.
भूपेंद्र यादव की गाड़ी का घेराव कर महिलाओं ने पानी की मांग को लेकर उनका विरोध किया. विरोध कर रही महिलाएं पानी की मांग के लिए मंत्री जी से मिलना चाहती थीं. लेकिन महिलाओं के आते ही प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए. उन्हें प्रशासन हटाने का प्रयास किया. लेकिन महिलाएं गाड़ी के आगे विरोध करती रहीं. वहीं मंत्री जी ने गाड़ी से ही महिलाओं को आश्वसन दिया और वहां से निकल गए.
महिलाओं ने बताया कि पानी की मांग को लेकर वह लगातार जलदाय ऑफिस और कलेक्टर ऑफिस तक कई चक्कर लगा चुकीं हैं. लेकिन पानी के लिए कोई समाधान नहीं किया गया है. इस वजह से वह मंत्री जी से मिलना चाहतीं थीं. लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं मिला. महिलाओं ने बताया कि यहां 500 घर पानी की समस्या से जूझ रहा है. लेकिन कोई समाधान नहीं किया जा रहा है. महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यह जल्द इसका समाधान नहीं हुआ तो सड़क जाम किया जाएगा.
