टी-20 का विश्व चैंपियन,बना भारत फाइनल में न्यूजीलैंड की टीम को 96 रनों से हरा कर ट्रॉफी को किया अपने नाम !

टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने ऐसा इतिहास रच दिया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन के बड़े अंतर से हराकर न सिर्फ ट्रॉफी जीती, बल्कि कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद खास साबित हुई, क्योंकि इसके साथ ही टीम इंडिया टी20 विश्व कप का खिताब लगातार दो बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई।

इसके अलावा भारत ने एक और बड़ा कारनामा किया। भारतीय टीम पहली ऐसी टीम बन गई जिसने अपने घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने का गौरव हासिल किया। फाइनल में भारत का प्रदर्शन इतना दमदार रहा कि मैच लगभग एकतरफा हो गया और न्यूजीलैंड की टीम मुकाबले में कहीं टिकती नजर नहीं आई।
फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका मानना था कि दबाव भरे मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करना आसान होगा। लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने उनके इस फैसले को पूरी तरह गलत साबित कर दिया।



