मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन का सांकेतिक ‘जन महाभियोग’ आज !

INDIA गठबंधन आज मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक सांकेतिक ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। दिल्ली पुलिस द्वारा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अनुमति न दिए जाने के कारण यह कार्यक्रम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर दोपहर 3:30 बजे शुरू हो रहा है।

विपक्षी दलों के अनुसार, यह कोई वास्तविक संवैधानिक महाभियोग प्रक्रिया नहीं है, बल्कि चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ विरोध दर्ज कराने का एक प्रतीकात्मक मंच है।
यह आयोजन 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली विपक्ष की बड़ी रैली से ठीक पहले एकजुटता और विरोध दिखाने के लिए किया जा रहा है।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कार्यक्रम की शुरुआत में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘महाभियोग प्रस्ताव’ पेश करेंगे
लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार इस पूरे सांकेतिक ‘जन महाभियोग’ की कार्यवाही की अध्यक्षता करेंगी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सभी चर्चाओं के बाद समापन भाषण देंगे, जिसके बाद इस प्रतीकात्मक प्रस्ताव को पारित किया जाएगा
प्रस्ताव पेश होने के बाद गठबंधन में शामिल विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और नागरिक समाज (Civil Society) के सदस्य इस पर अपनी बात रखेंगे।
विपक्ष मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिसे विपक्ष ने ‘वोट चोरी’ का मुद्दा नाम दिया है। विपक्षी नेताओं का दावा है कि बड़े पैमाने पर वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं और इस कार्यक्रम में कुछ ऐसे पीड़ितों को भी अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा।



