कोलकाता रेप-मर्डर: आरजी कर अस्पताल तोड़फोड़ मामले में एक्शन, लापरवाही के आरोप में दो SP, एक इंस्पेक्टर निलंबित

कोलकाता पुलिस ने आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में 14 अगस्त की रात हुई तोड़फोड़ के मामले में ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

इस महीने की शुरुआत में अस्पताल में एक महिला ट्रेनी डॉक्टर की बलात्कार और हत्या के बाद 14 अगस्त की रात बाहर से आए असामाजिक तत्वों ने कोलकाता में सरकारी आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आपातकालीन विभाग में तोड़फोड़ की थी। आरोप है कि उन्होंने हत्या के साक्ष्य मिटाने के भी प्रयास किए।
कोलकाता पुलिस ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में मंगलवार को दो सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) और एक इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया। इन पर 15 अगस्त को ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप है। तीनों अधिकारी उस दिन अस्पताल में ड्यूटी पर थे।
तोड़फोड़ की घटना तब हुई जब महिलाओं के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग कोलकाता की सड़कों पर उतरे और उसी अस्पताल की जूनियर डॉक्टर के लिए न्याय की मांग की, जो इस जघन्य बलात्कार और हत्या की शिकार बनी थी। इस घटना के बाद शिकायतें सामने आईं कि तोड़फोड़ जानबूझकर की गई थी, ताकि स्वतःस्फूर्त विरोध से ध्यान भटकाया जा सके।



