मोदी कैबिनेट में हुआ मंत्रालयों का बंटवारा, अमित शाह और राजनाथ का मंत्रालय बरकरार, जानिए किसके हिस्से आया कौन सा विभाग

एनडीए सरकार के गठन के वक्त 71 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। इन मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। भारत के राष्ट्रपति की तरफ से प्रधानमंत्री की सलाह पर, केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्यों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है।
ऐसे में पीएम नरेंद्र मोदी के पास कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग के साथ सभी महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दे और अन्य सभी विभाग किसी भी मंत्री को आवंटित नहीं किए गए, ये विभाग पीएम मोदी के पास हैं।
इसके साथ ही अमित शाह को गृह और सहकारिता मंत्रालय का प्रभार दिया गया है। राजनाथ सिंह के पास रक्षा मंत्रालय, नितिन गडकरी को सड़क परिवहन मंत्री बनाया गया है। जेपी नड्डा को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और रसायन एवं उर्वरक मंत्री बनाया गया है।
शिवराज सिंह चौहान को कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय और ग्रामीण विकास मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है। निर्मला सीतारमण को वित्त मंत्रालय और कॉर्पोरेट मामलों का मंत्रालय सौंपा गया है।
सुब्रह्मण्यम जयशंकर को विदेश मंत्रालय, मनोहर लाल खट्टर को आवास एवं शहरी मामले का मंत्रालय और ऊर्जा मंत्रालय, हरदीप सिंह पुरी को पेट्रोलियम मंत्रालय, पीयूष गोयल को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय, सर्बानंद सोनोवाल को बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय, गिरिराज सिंह को कपड़ा मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है।



