बुजुर्गों को पुरानी पेंशन हम दे सकते हैं तो BJP क्यों नहीं ? प्रियंका गांधी ने दौसा में पुरानी पेंशन पर केंद्र को घेरा !
राजस्थान चुनाव के प्रचार के लिए शुक्रवार को दौसा पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) पर चुप्पी को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि जब कांग्रेस सरकार इसे लागू कर सकती है तो बीजेपी सरकार क्यों नहीं कर सकती है। प्रियंका ने एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को लेकर राज्य की जनता को धोखा देने का आरोप लगाया।
प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘बीजेपी कार्यकर्ता कहते हैं कि हमारा चेहरा नरेंद्र मोदी होंगे। जनता को उनसे पूछना चाहिए कि क्या वह प्रधानमंत्री का पद छोड़कर राजस्थान के मुख्यमंत्री बनेंगे?
प्रियंका गांधी ने कहा कि गरीबों से पैसा लूटकर उद्योगपतियों को दिया जाता है। अगर बीजेपी सरकार सत्ता में आई तो पुरानी पेंशन योजना खत्म हो जाएगी और सस्ते सिलेंडर की सिर्फ कल्पना ही रह जाएगी। मनरेगा पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने रोजगार नहीं दिया। मनरेगा का दायरा तो सीमित कर दिया, लेकिन रोजगार पैदा करने में असफल रहे हैं। महंगाई इतनी ज्यादा है कि जनता की जेब में छेद हो गया है। लोग बाजार जाते हैं और खाली हाथ लौट आते हैं। जिन कंपनियों से आपको रोजगार मिल सकता था, उन्हें बीजेपी की केंद्र सरकार ने अपने उद्योगपतियों को बेच दिया।