राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, PM मोदी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी ।
देश 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 154वीं और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 119वीं जयंती मना रहा है। गांधी जयंती और लालबहादुर जयंती के मौके पर प्रत्येक देशवासी उऩ्हे नमन कर रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर लिखा कि गांधी जयंती के खास मौके पर वह महात्मा गांधी को नमन करते हैं। महात्मा गांधी का प्रभाव वैश्विक है, जो पूरी मानव जाति को एकता और करुणा की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करता है। पीएम ने कहा कि हम हमेशा उनके सपनों को पूरा करने की दिशा में काम करते रहें। गांधी जी के विचार हर युवा को उस बदलाव का वाहक बनने में सक्षम बनाएं जिसका उन्होंने सपना देखा था, जिससे सर्वत्र एकता और सद्भाव को बढ़ावा मिले।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सुबह 7 बजे राजघाट पहुंचे। उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ‘संपूर्ण विश्व को सत्य-अहिंसा एवं शांति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करने वाले, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के सूत्रधार, राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी के विचार व उनके आदर्श हमारे लिए आज भी प्रासंगिक हैं। सत्य, अहिंसा, शांति एवं समानता जैसे उनके विचारों को आज चुनौती मिल रही है, पर बापू के सिखाए गए मूल्यों पर चल कर ही हम इसका मुक़ाबला कर रहें हैं।’