छत्तीसगढ़ पर पीएम मोदी की नजर, मोदी आज कांग्रेस शासित राज्य छत्तीसगढ़ में…साधेंगे चुनावी समीकरण !
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में भाजपा की ‘परिवर्तन यात्राओं’ के समापन समारोह में शामिल होंगे। पिछले तीन महीने में प्रधानमंत्री मोदी की छत्तीसगढ़ की यह तीसरी यात्रा है। राज्य में इस वर्ष के अंत में विधानसभा के चुनाव होंगे और कांग्रेस व भाजपा दोनों ही पार्टियां सत्ता में वापसी के लिए पूरी ताकत से जुटी हैं।
पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने भाजपा की 15 साल से जारी सत्ता को विराम लगा दिया था और इस बार वह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार के कामकाज की बदौलत सत्ता में वापसी की उम्मीद पाले हुए है। कांग्रेस के तीन प्रमुख नेता राहुल गांधी, पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाड्रा के हाल के दौरे इसी बात के संकेत करते हैं। इसके अलावा आम आदमी पार्टी भी चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में है। आप नेता बिलासपुर में सभा कर चुके हैं। आप के अलावा भाजपा व कांग्रेस में भी बिलासपुर को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी दोपहर दो बजे यहां के साइंस कॉलेज मैदान में दो परिवर्तन यात्राओं के समापन समारोह परिवर्तन महासंकल्प रैली’ को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि पहली परिवर्तन यात्रा 12 सितंबर को दंतेवाड़ा (दक्षिणी छत्तीसगढ़) से निकाली गई थी, जबकि दूसरी 15 सितंबर को जशपुर (उत्तरी छत्तीसगढ़) से निकाली गई थी। साव ने बताया कि दोनों यात्राओं ने कुल 90 में से 87 विधानसभा क्षेत्रों में तीन हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की। बिलासपुर में समापन से पहले इन यात्राओं में 83 स्वागत सभाएं, चार रोड शो और विभिन्न सार्वजनिक सभाएं हुईं।