मराठा आरक्षण की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल ने अपना अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया !

मराठा आरक्षण आंदोलन को लेकर शुक्रवार से दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल ने अपना अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस अनशन में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में मराठा समाज के लोग मुंबई पहुंचे।

प्रदर्शनकारी लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्टेशन पर उतरे और वहां से नारेबाजी करते हुए आजाद मैदान की ओर कूच किया। इस दौरान स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में भारी भीड़ और जाम की स्थिति बन गई
अनशन शुरू करते हुए मनोज जरांगे ने साफ कहा कि वे किसी भी हालत में पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा— “मैं मरने या गोली खाने के लिए तैयार हूं, लेकिन पीछे हटने के लिए नहीं।” साथ ही उन्होंने समर्थकों से शांति बनाए रखने और पुलिस की मदद करने की अपील की। जरांगे ने कार्यकर्ताओं से कहा कि ट्रैफिक जाम न होने दें और आंदोलन अनुशासनपूर्वक जारी रखें।



