मराठा आरक्षण की आग फिर सुलगने लगी है ,मुंबई के आजाद मैदान में सुुबह से जुट रहे मनोज जरांगे के समर्थक,

मराठा आरक्षण की मांग को लेकर महाराष्ट्र की सियासत एक बार फिर गरमाने वाली है। मराठा नेता मनोज जरांगे पाटिल के नेतृत्व में 29 अगस्त को मुंबई के आजाद मैदान में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। इस आंदोलन में पूरे महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में मराठा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए एक मराठा कार्यकर्ता ने कहा, “पूरे महाराष्ट्र से लोग मुंबई आ रहे हैं। मनोज दादा जरांगे पाटिल हमारे हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। हमने इस आंदोलन के लिए एक महीने से तैयारी की है और राशन, खाने-पीने का पूरा इंतजाम करके आए हैं। जब तक आरक्षण पर ठोस फैसला नहीं होता, हम पीछे नहीं हटेंगे।”
आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस बार का विरोध प्रदर्शन मुंबई में अब तक हुए सभी आंदोलनों का रिकॉर्ड तोड़ेगा और मराठा समाज की एकता का परिचय देगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं दी जाएगी।
इस आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद ओमप्रकाश राजेनिंबालकर ने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “सरकार मराठा आरक्षण योद्धा मनोज दादा जरांगे पाटिल से किए गए वादे को तुरंत पूरा करे।”



