मध्य प्रदेश चुनाव से पहले BJP को एक और बड़ा झटका सिंधिया के दाहिने हाथ नीमच के कद्दावर नेता समंदर पटेल कांग्रेस में शामिल !

मध्य प्रदेश में मुश्किल से दो-तीन महीने में चुनाव होने वाले है। ऐसे में चुनाव से पहले प्रदेश में बीजेपी से दल-बदल का दौर जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को बीजेपी को एक बड़ा झटका लगा, जब नीमच जिले के जावद के कद्दावर बीजेपी नेता समंदर पटेल ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ली।

सैकड़ों वाहनों के काफिले और अपने समर्थकों के साथ भोपाल पहुंचे समंदर पटेल का कमलनाथ ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर कांग्रेस में स्वागत किया। कमलनाथ ने पटेल के कांग्रेस पार्टी में शामिल होने पर कहा कि ये कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, रीति-नीति, सिद्धांतों और अपनी निष्ठा के साथ बिना कोई शर्त के कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं, इन्हें इनकी सच्चाई यहां लाई है और मुझे पूरा विश्वास है कि इसी सच्चाई को ये अपने क्षेत्र के लोगों को बताएंगे।
मध्यप्रदेश बीजेपी में मची भगदड़ , सिंधिया के दाहिने हाथ के रूप में जाने जाने वाले सिंधिया के करीबी बीजेपी नेता समंदर पटेल कांग्रेस पार्टी में शामिल। #MadhyaPradeshElection2023 https://t.co/3cLBYPHNLx pic.twitter.com/mhrH7NemHV
— News Network 24×7 (@24x7_network) August 19, 2023
इस मौके पर समंदर सिंह पटेल ने कहा कि मुझे अपनी घर वापसी पर बहुत खुशी है, जिस तरह सुबह का भूला शाम को घर वापस आ जाए, उसे अपनी गलती का अहसास हो जाता है और फिर से वह अपनी मूल भावना और धारणा में शामिल हो जाता है। उन्होंने कहा कि मैं कमलनाथ जी को विश्वास दिलाता हूं कि पार्टी के लिए मैं पूरी निष्ठा के साथ काम करके आपके नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनाने में तन-मन-धन से कार्य करूंगा। संगठन को और अधिक मजबूत करने में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करूंगा।



