राष्ट्रीय

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया के पत्र पर कांग्रेस ने किया करारा पलटवार,हम नियमों का पालन करेंगे, लेकिन सरकार उसकी घोषणा करे और वो नियम सभी पर लागू हों।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया के पत्र पर कांग्रेस ने किया करारा पलटवार पूछा क्या सरकार ने कोई नियम तय किये है ?

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को स्थगित करने की अपील की है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को चिट्ठी लिखकर भारत जोड़ो यात्रा में कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने की अपील की है। चिट्ठी में उन्होंने लिखा है, “यदि यह संभव न हो तो यात्रा को देशहित में स्थगित करने का निर्णय लिया जाए।”

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने पत्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से कोरोना फैलने के खतरे पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा, “चूंकि कोरोना महामारी एक सार्वजनिक आपात स्थिति है, इसलिए देशहित में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को स्थगित करने पर फैसला लिया जा सकता है। राजस्थान में चल रही भारत जोड़ो यात्रा में कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन हो। यात्रा से जुड़े लोगों को मास्क और सैनेटाइजर का उपयोग कराया जाए।” इसके अलावा कोरोना की वैक्सीन लगवा चुके लोगों को ही यात्रा से जुड़ने की अनुमति देने की अपील की गई है।

वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के इस पत्र पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर से बेहद तीखे सवाल पूछे उन्होंने पूछा “क्या भारत सरकार को सिर्फ राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और ‘भारत जोड़ो यात्रा’ दिख रही है?क्या भारत सरकार को राजस्थान और कर्नाटक में भाजपा की यात्रा नहीं दिख रही है?”

अधीर रंजन चौधरी ने इसे पूरी तरह से राजनीतिक बताया है। उन्होंने दावा किया है कि भारत जोड़ो यात्रा से डरकर बीजेपी ये काम कर रही है। उन्होंने कहा, “भारत जोड़ो यात्रा से मोदी सरकार बौखलाए हुई है। आम लोगों का ध्यान भटकाने के लिए बीजेपी तरह-तरह के सवाल उठा रही है। क्या गुजरात चुनाव में पीएम मोदी मास्क लगाकर, सारे प्रोटोकॉल मानते हुए घर-घर गए थे?”


 

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने भी भाजपा को आड़े हाथ लिया है। कार्ति चिदंबरम ने कहा कि आज का कोविड प्रोटोकॉल क्या हैं? ऐसा लगता है कि हमारे पास किसी भी अन्य सार्वजनिक समारोहों में लागू करने योग्य कोविड प्रोटोकॉल नहीं हैं। भारत जोड़ो यात्रा पर अचानक इतना ध्यान क्यों दिया जा रहा है अगर भाजपा को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता तो?

आपको बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर से शुरू हुई थी। आज यात्रा राजस्थान से हरियाणा पहुंच गई है। राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा में भारी भीड़ देखने मिली। हजारों की संख्या में लोग राहुल से मिलने और यात्रा में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों से भी पहुंचे। हरियाणा में भी उनके साथ-साथ सैकड़ों की भीड़ चल रही है।

Related Articles

Back to top button
×