मुंबई में चली मौत की बस, बेस्ट बस हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हुई, 43 लोग घायल,हादसे की असली वजह आई सामने !

मुंबई के कुर्ला में सोमवार रात को एसजी बारवे मार्ग पर एक बस चालक ने पैदल यात्रियों और वाहनों पर बस चढ़ा दी। चालक ने पुलिस जीप को भी टक्कर मारी। बस दुर्घटना में तीन और लोगों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे कुर्ला (पश्चिम) इलाके में हुई इस दुर्घटना में 43 लोग घायल हो गए, जबकि शुरुआती रिपोर्ट में 22 लोगों के घायल होने की बात कही गई थी।
दुर्घटना के पांच घंटे से अधिक समय बाद मीडिया के साथ इसका विवरण साझा करते हुए बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम ने कहा, ‘‘मिली जानकारी के अनुसार, कुर्ला स्टेशन से निकली एक बस का ब्रेक फेल हो गया था। ड्राइवर ने बस पर से नियंत्रण खो दिया था। घबराहट में ड्राइवर ने ब्रेक दबाने की बजाय एक्सीलेटर दबा दिया और बस की गति बढ़ गई। बस पर नियंत्रण नहीं होने की वजह 30-35 लोगों को टक्कर मार दी।
‘बेस्ट’ के मुताबिक, दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि टक्कर के बाद कई वाहन घसीटते चले गए या क्षतिग्रस्त हो गए। ‘बेस्ट’ ने कहा कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिसके बाद बस की ‘‘गति बढ़ गई’’। अधिकारियों के अनुसार, बस चालक संजय मोरे को हिरासत में ले लिया गया है।
अधिकारियों ने सोमवार रात बताया कि दुर्घटना स्थल से तीन लोगों को पास के भाभा अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि मृतक संख्या बढ़कर छह हो गई है।
अधिकारियों के अनुसार, कुर्ला स्टेशन से साकीनाका जा रही ‘बेस्ट’ बस के चालक ने रूट ए322 पर वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। उन्होंने बताया कि बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम की बस पैदल यात्रियों और वाहनों को कुचलने के बाद बुद्ध कॉलोनी नामक आवासीय सोसाइटी में घुस गई और तब जाकर रुकी।
एक अधिकारी ने पहले बताया था कि यह बस हैदराबाद स्थित ‘ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक’ द्वारा निर्मित 12 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक वाहन थी और इसे ‘बेस्ट’ ने पट्टे पर लिया था। मुंबई पुलिस ने कुर्ला स्टेशन को जोड़ने वाले एसजी बर्वे मार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया है।
परिवहन निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि एसजी बर्वे मार्ग को यातायात के लिए बंद किए जाने के कारण बेस्ट कुर्ला स्टेशन तक बसें चलाने के बजाय अन्य निकटवर्ती स्थानों से 10 मार्गों पर बसें चला रही है।
बर्वे रोड कुर्ला स्टेशन को जोड़ने वाले सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। बर्वे रोड पर स्थित कुर्ला बस स्टैंड से बड़ी संख्या में यात्री बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स और अन्य स्थानों तक पहुंचने के लिए बस लेते हैं।