उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, बारिश, बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी !

उत्तराखंड में मौसम बदल गया है। कल से ही धूप बादलों के साथ लुका छुपी का खेल खेल रही है और आज बादलों ने आसमान को अपनी आगोश में ले लिया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंड बढ़ गई है। आसमान में बादल छाए हुए हैं, धूप देखने को भी नहीं मिल रही है। उत्तराखंड में आज मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी जारी की है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से यह चेतावनी जारी की गई है। आने वाले तीन दिनों तक मौसम बदला हुआ रहेगा।
प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है। आज यानी 27 नवंबर को चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में ताजा पश्चिमी विक्षोभ के हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने के कारण पर्वतीय जिलों में बादल मंडरा रहे हैं। सोमवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग में 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हिमपात हो सकता है। आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं वर्षा भी हो सकती है। जिससे तापमान में गिरावट आने और पहाड़ से मैदान तक कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं।